राजधानी में हुई हिंसा के बाद कई सियासी दलों व नेताओं ने इस बार होली न मनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि कोरोना वायरस व उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा की वजह से होली नहीं मनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक भी होली नहीं मनाना चाहे तो नहीं मनाए। उधर भाजपा ने भी निर्णय लिया है कि इस बार होली समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।
दिल्ली में सामाजिक समरसता और सौहार्द पर हुए आघात पर दिल्ली भाजपा ने इस बार होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि दिल्ली ने पिछले 10 दिनों में बड़े स्तर पर हिंसा का विकराल रूप देखा है। कइयों ने जीवन खोया, सैकड़ों लोग घायल हुए और हजारों के घर व व्यवसाय नष्ट हो गए। दिल्ली का वो हिस्सा अब धीरे धीरे सामान्य हो रहा है। इन घटनाओं पर दिल्ली भाजपा चिंता व्यक्त करती है। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली ने होली मिलन नहीं करने का निर्णय किया है। आने वाले दिनों में भाजपा कार्यकर्ता व नेता अपने समय व संसाधनों का उपयोग राहत कार्यों के लिए करेंगे।